नई दिल्ली: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की पुनर्परीक्षा से पहले दिल्ली के शिक्षा मंत्री Ashish Sood ने शनिवार को पंडारा रोड स्थित सीएम श्री स्कूल परीक्षा केंद्र का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से बातचीत में मंत्री आशीष सूद ने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा को शिक्षा मंत्रालय पूरी सावधानी और सतर्कता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सभी परीक्षा केंद्रों पर अभिभावकों के लिए विशेष ‘कूलिंग जोन’ की व्यवस्था की है।

मंत्री ने कहा कि कई अभिभावक दूर-दराज के क्षेत्रों से अपने बच्चों के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचते हैं। ऐसे में उनके लिए आरामदायक इंतजाम करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से दिल्ली के सभी 97 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 2,000 वर्ग फुट क्षेत्र में कूलिंग जोन बनाए गए हैं, जहां पानी, शिकंजी और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि स्थानीय एसडीएम के साथ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है और शाम को भी एक बार फिर तैयारियों का जायजा लिया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की कमी न रहे।

आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देती है और उन्हें आश्वस्त करना चाहती है कि परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने छात्रों से बिना किसी चिंता के परीक्षा में शामिल होने का आह्वान किया।

दिल्ली सरकार का कहना है कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को गर्मी से राहत देने तथा बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

Tags: