New Delhi: एमसीडी ने दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को स्थायी बनाने का निर्णय लिया
"वेतनभोगी सफाई कर्मचारी होंगे नियमित"
नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की साधारण सभा की बैठक गुरुवार को नगर निगम के मुख्यालय सिविक सेंटर में सम्पन्न हुई। इस दौरान महापौर राजा इकबाल सिंह ने नागरिकों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। नगर निगम की साधारण सभा की बैठक की शुरुआत में दिल्ली में लाल किले के पास हुए आतंकी हमले में मारे गए नागरिकों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही उन्होंने नगर निगम के करुणामूलक आधार पर नियुक्त दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को नियमित करने का प्रस्ताव पारित किया।
महापौर राजा इकबाल सिंह ने बताया कि बैठक के दौरान, पूर्व की भांति, आम आदमी पार्टी (आआपा) के कुछ पार्षदों ने चर्चा में व्यवधान डालने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी नागरिक हितों से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा नहीं करना चाहती और बार-बार सदन की कार्यवाही में हंगामा करती है। उन्होंने बताया कि इसके बावजूद पार्षदों ने चर्चा में भाग लिया और सदन की कार्रवाई लगभग एक घंटे तक चली।
महापौर ने बताया कि निगम ने एक अप्रैल, 2010 से 31 मार्च, 2015 तक करुणामूलक आधार पर नियुक्त सभी दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को नियमित करने के प्रस्ताव को पारित किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम अपने सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी इन्हें नियमित करने के लिए कदम उठाए जाते रहेंगे।
राजा इकबाल सिंह ने बताया कि बैठक में दिल्ली नगर निगम ने 361.42 करोड़ की लागत से 5100 मीट्रिक टन प्रतिदिन की निस्तारण क्षमता वाले चार नए ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण संयंत्रों की स्थापना के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने बताया कि लगभग छह माह के भीतर ये संयंत्र चालू हो जाएंगे, जिसके बाद लैंडफिल साइटों पर नया कचरा डालना बंद हो जाएगा।
महापौर ने बताया कि साधारण सभा की बैठक में विभिन्न वार्डों से संबंधित मुद्दों, नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं बुनियादी ढांचे से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम नागरिकों को बेहतर और सुलभ बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।