New Delhi: देशभक्ति के रंग में रंगा कनॉट प्लेस, दिल्लीवासियों ने बढ़ाया उत्साह : रेखा गुप्ता
कनॉट प्लेस में दिखा देशभक्ति का उत्साह, दिल्लीवासियों ने लगाए देशभक्ति के नारे
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी ) द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में भाग लिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में शामिल हर दिल्लीवासी ने आज कनॉट प्लेस को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। युवाओं के हाथों में शान से लहराता तिरंगा और एक साथ गूंजता ‘वंदे मातरम्’ ऐसा दृश्य था, जिसने असंख्य वीरों के त्याग, बलिदान और देश के लिए उनके समर्पण को हम सभी के हृदय में फिर जीवंत कर दिया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दिल्ली स्वतंत्रता संग्राम के अनेक निर्णायक अध्यायों का केंद्र रही है और स्वतंत्र भारत की विकास यात्रा की साक्षी भी। आज उसी दिल्ली की नई पीढ़ी तिरंगा थामे, राष्ट्रगौरव के उसी भाव को आगे बढ़ाती हुई कदम से कदम मिलाकर चली। उन्होंने कहा कि इस यादगार तिरंगा यात्रा में एनडीएमसी अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी, उपाध्यक्ष कुलजीत चहल, एनडीएमसी के अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा साथी शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस और उससे जुड़ा 'हर घर तिरंगा' उत्सव मनाया गया। इससे फिर साबित हुआ कि तिरंगा हमारे सम्मान, प्रतिष्ठा और गौरव का प्रतीक है; यह हमारे दिलों में बसता है और हमारे गर्व को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक की 'जय भारत माता' की गूंजती आवाज के बीच, यह संकल्प लिया गया कि विकसित भारत का सपना सिर्फ़ एक संकल्प नहीं है—बल्कि पूरा देश, सभी सरकारें और हर एक नागरिक 'मिशन मोड' में इस काम के लिए खुद को समर्पित करेंगे।