New Delhi: बिरसा मुंडा के विचार राष्ट्र निर्माण में आज भी प्रासंगिक: बांसुरी स्वराज

जनजातीय समाज के महानायक थे भगवान बिरसा मुंडा: बांसुरी स्वराज

Update: 2026-05-25 03:30 GMT

नई दिल्ली: भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर रविवार को यहां आयोजित जनजातीय सांस्कृतिक समागम को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने न केवल जनजातीय गौरव और अधिकारों के लिए संघर्ष किया बल्कि राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके योगदान के लिए भारतवर्ष सदैव उनका ऋणी रहेगा।

सांसद बांसुरी स्वराज ने यहां मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आज लालकिला से शोभायात्रा निकाली गई है। जनजातीय सांस्कृतिक समागम एक बड़ा आयोजन है, जो भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को समर्पित है।

जनजाति सुरक्षा मंच द्वारा आयोजित इस समागम में पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे जनजातीय पुरुषों और महिलाओं की रंगारंग सांस्कृतिक शोभायात्राएं निकाली गईं। इन शोभायात्राओं में प्रतिभागी अपने पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ दिल्ली के पांच अलग-अलग स्थानों से चलकर अंत में लाल किला के मुख्य स्थल पर एकत्रित हुए।

कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के जनजातीय समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता प्रदर्शित करते हुए जनजातीय लोक नृत्य, पारंपरिक संगीत, हस्तशिल्प और प्रदर्शनियां प्रस्तुत की जाएगी।

Tags:    

Similar News