New Delhi: सिविल सेवा परीक्षा में शीर्ष स्थान पर अनुज अग्निहोत्री
"देश को मिला नया टॉपर, यूपीएससी रिजल्ट में अनुज अग्निहोत्री अव्वल"
नई दिल्ली; संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी ) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। जारी परिणाम में अनुज अग्निहोत्री ने देशभर में पहला स्थान हासिल करते हुए परीक्षा में टॉप किया है। परिणाम घोषित होते ही सफल अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई।
आयोग द्वारा जारी सूची के अनुसार इस वर्ष कुल 958 अभ्यर्थियों का चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) सहित विभिन्न केंद्रीय सेवाओं के लिए किया गया है। चयनित उम्मीदवारों ने प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के तीनों चरणों को सफलतापूर्वक पार किया है।
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में माना जाता है। हर वर्ष लगभग 10 लाख से अधिक अभ्यर्थी इस परीक्षा के लिए आवेदन करते हैं, लेकिन अंतिम चयन कुछ सौ उम्मीदवारों का ही हो पाता है।
टॉप-10 में भी कई प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों ने अपनी जगह बनाई है। इनमें राजेश्वरी सुंवे और आकांक्ष धुल्ल सहित अन्य मेधावी उम्मीदवार शामिल हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। संघ लोक सेवा आयोग ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को उनकी रैंक और वरीयता के आधार पर विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति दी जाएगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे अपना परिणाम और पूरी मेरिट सूची यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।
यूपीएससी परीक्षा का परिणाम हर साल देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है और यह साबित करता है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।