NCR Sahibabad: ट्रांस हिंडन इलाके में अधेड़ समेत तीन लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हुई
"तीनों के शव अलग-अलग थानाक्षेत्र में पड़े मिले"
साहिबाबाद: ट्रांस हिंडन इलाके में दो युवकों समेत तीन लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। तीनों के शव अलग-अलग थानाक्षेत्र में पड़े मिले। इनमें से साहिबाबाद क्षेत्र में फल के ठेले पर पड़े मिले 50 वर्षीय फल विक्रेता की शिनाख्त हो गई है। मृतक की पहचान शहीदनगर चिकंबरपुर निवासी राजू के तौर पर हुई है। पुलिस ने बाकी दोनों अज्ञात शवों की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
लिंकरोड थाना क्षेत्र में साहिबाबाद से नई दिल्ली जाने वाले रेलवे ट्रैक पर शनिवार सुबह एक युवक का शव पड़ा मिला। आरपीएफ आनंद विहार की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस टीम पहुंची और शव की तलाशी लेकिन पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिल पाए। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की उम्र करीब 26 वर्ष बताई जा रही है।
कौशांबी थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के पास शुक्रवार को सड़क किनारे पुलिस को एक करीब 30 वर्षीय युवक बेहोशी की हालत में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने युवक को अस्पताल में भर्ती करा दिया। यहां इलाज के दौरान शनिवार को युवक की मौत हो गई। उसकी शिनाख्त भी पुलिस नहीं कर पाई है। हालांकि उसके बारे में आसपास के इलाकों में पुलिस छानबीन करने में जुटी है।
साहिबाबाद थाना क्षेत्र में सीमा चौकी के पास फल बेचने वाले शहीदनगर के चिकंबरपुर निवासी राजू (50) का शव उन्हीं के ठेले पर मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि राजू काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। कुछ दिनों से वह बिक्री भी नहीं कर रहे थे। शनिवार दोपहर वह ठेले पर ही सो गए थे। काफी देर तक न उठने पर लोगों ने पुलिस को बुलाया था। पुलिस ने परिजनों को बुलाकर पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया है।
फल विक्रेता का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं बाकी दो युवकों की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। दोनों के बारे में थाना पुलिस जानकारी जुटाने की कोशिश में लगी हैं। निमिष पाटील, डीसीपी ट्रांस हिंडन