साहिबाबाद: दसवीं की छात्रा का फोटो एडिट कर किसी ने इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। आरोपी ने छात्रा के एडिट कर बनाए गए अश्लील फोटो उसके दोस्तों को भेज दिए। बदनामी के कारण छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा ने बताया कि वह एक निजी स्कूल से पढ़ाई कर रही है। बताया कि 10 फरवरी को किसी व्यक्ति ने उनका फोटो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से अश्लील फोटो में एडिट किया। इसके बाद उन्हें इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। 14 फरवरी को भी एक अश्लील फोटो एडिट कर उनके दोस्तों को भेजा गया। आरोप है कि छात्रा के यह फोटो बिना अनुमति के खींचे गए हैं।

बदनामी के कारण छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। एसीपी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच साइबर सेल को भेज दी गई है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से वायरल फोटो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।

Tags: