मुरादनगर: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में फ्लैट दिलाने के नाम पर युवक से आठ लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।

मुरादनगर बस स्टैंड के पास रहने वाले अनुज चौधरी ने मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि 2022 में गाजियाबाद निवासी दो लोगों से मुलाकात हुई थी। उन्होंने गाजियाबाद राजनगर एक्सटेंशन में एक फ्लैट दिखाया। फ्लैट पसंद आने पर उसका सौदा 28 लाख रुपये में तय हुआ। अनुज चौधरी ने चेक के माध्यम से दो लाख और छह लाख रुपये नकद दे दिए। बाकी रकम बैनामा कराने के समय देना तय हुआ। आरोप है कि बैनामे की बात करने पर वह टालमटोल करते रहे और फोन उठाना भी बंद कर दिया। जब फ्लैट की जानकारी की तो पता चला कि किसी व्यक्ति के फ्लैट के फर्जी कागज दिखाकर धोखाधड़ी से रुपये ठग लिए। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Tags: