NCR Indirapuram: हर्षा सिटी मॉल में संचालित दुकानों की बिजली-पानी की सप्लाई अनधिकृत तरीके से बंद

"जांच शुरू"

Update: 2025-02-24 07:36 GMT

इंदिरापुरम: वैभवखंड स्थित साया गोल्ड एवेन्यू निवासी व्यापारी संजीव दीक्षित ने शक्तिखंड दो स्थित हर्षा सिटी मॉल के बिल्डर हरीश कथूरिया, सुमित कथूरिया और प्रबंधक जसपाल रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि बिल्डर और प्रबंधक ने मॉल में संचालित दुकानों की बिजली-पानी की सप्लाई अनधिकृत तरीके से बंद कर दी। जब व्यापारियों ने इसका विरोध किया तब उनके बाउंसरों ने मारने की धमकी दे डाली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि संजीव दीक्षित समेत कई व्यापारियों ने एकत्र होकर तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया था कि व्यापारियों का आरोप था कि बिल्डर हरीश कथूरिया, सुमित कथूरिया ने मॉल में संचालित करीब 70 दुकानों की बिजली-पानी आपूर्ति बंद कर दी। मामले की जांच में पता चला कि बिल्डर व्यापारियों से मेंटेनेंस चार्ज की मांग कर रहे थे। वहीं व्यापारियों का कहना था कि कोरोना काल से पहले ही बिल्डर बिल्डिंग को छोड़कर चले गए थे। पिछले चार-पांच सालों से व्यापारी ही एसोसिएशन बनाकर मॉल का मेंटेनेंस करा रहे हैं। ऐसे में अनधिकृत तरीके से बिजली-पानी बंद कर दिया गया। आरोप यह भी है कि जब व्यापारियों ने इसका विरोध किया तब बिल्डर के बाउंसरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दे डाली। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News