गुरुग्राम: ओल्ड दिल्ली रोड स्थित अतुल कटारिया चौक अंडरपास पर शेड लगवाया जाएगा। इससे अंडरपास के अंदर बारिश का पानी नहीं जा सकेगा। इस पर करीब 3.23 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने टेंडर जारी कर दिया है।

गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण ने ओल्ड दिल्ली रोड पर करीब 731 मीटर फोरलेन फ्लाईओवर और अंडरपास का निर्माण लोक निर्माण विभाग के माध्यम से करवाया है। अंडरपास शीतला माता मंदिर से सिग्नेचर टावर की ओर बनाया गया है। साथ ही चार लेन की सर्विस रोड भी बनाई गई है। फ्लाईओवर और अंडरपास से वाहन चालकों को राहत मिली है। अंडरपास पर अभी शेड नहीं लगा है। ऐसे में बारिश का पानी अंडरपास में चला जाता है। इस मामले को सड़क सुरक्षा कमेटी के सामने उठाया गया था। इसमें अंडरपास के रास्ते पर शेड/कैनोपी लगवाने का निर्णय हुआ था। इसके लिए जीएमडीए ने पैसा लोक निर्माण विभाग को जारी कर दिया है। लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता चरणदीप सिंह ने बताया कि अतुल कटारिया अंडरपास पर शेड लगवाने की योजना है। इस पर करीब 3.23 करोड़ खर्च आने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि 24 फरवरी के बाद टेंडर खोला जाएगा। कार्य अलॉट होने के बाद तीन माह में ठेकेदार को काम पूरा करना होगा।

Tags: