NCR Ghaziabad: सेल्समैन से दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात में पुलिस के हाथ खाली
"10.70 लाख लूटने वालों की लाल कुआं तक मिली लोकेशन"
गाजियाबाद: पेट्रोल पंप मैनेजर और सेल्समैन से दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात में पुलिस 24 घंटे बाद भी खाली हाथ है। तीन टीमों ने करीब 240 से अधिक सीसीटीवी खंगाले हैं। इनमें बाइक सवार दो बदमाश सिहानी चुंगी से होते हुए हापुड़ चुंगी और पुलिस लाइन होते हुए लाल कुआं की ओर जाते नजर आए हैं। जबकि सिहानी चुंगी के बाद स्कूटी की लोकेशन नहीं मिली है।
डीसीपी राजेश कुमार ने बताया कि मेरठ रोड स्थित डीपीएस कट के नजदीक पेट्रोल पंप के असिस्टेंट मैनेजर अर्जुन शर्मा और सेल्समैन संजय मीणा के साथ हुई लूटपाट के मामले में पुलिस की तीन टीम गठित की गई है। तीनों टीमों ने 240 से अधिक सीसीटीवी खंगाले हैं। इसके साथ ही घटना के समय वहां मौजूद डेढ़ हजार लोगों के मोबाइल का बीटीएस भी लिया गया है। सीसीटीवी में बदमाश स्कूटी ले जाते नजर आ रहे हैं, लेकिन प्रिंट की गुणवत्ता खराब होने के कारण उनकी शिनाख्त करने में सफलता नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लूटी गई स्कूटी और 10.70 लाख रुपये बरामद कर लिए जाएंगे। पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में जुटी है।
दिल्ली से मिलेगी शोरूम की फुटेज: सिहानी गेट पुलिस ने मेरठ रोड स्थित तीन शोरूम पर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली है। सीसीटीवी आॅनलाइन मुख्य कार्यालय से जुड़े होने के चलते पुलिस को कुछ स्थानों की फुटेज नहीं मिल सकी। इन शोरूम पर लगे सीसीटीवी फुटेज की गुणवत्ता काफी अच्छी बताई जा रही है। शोरूम संचालकों ने नोएडा और दिल्ली स्थित मुख्य कार्यालय से फुटेज मुहैया कराने का आश्वासन दिया है।