NCR Faridabad: साइबर ठगों ने बुजुर्ग को 4 दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर लाखो की ठगी की

"साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की"

Update: 2025-01-21 09:47 GMT

फरीदाबाद: सेक्टर-22 एरिया में रहने वाले बुजुर्ग को साइबर ठगों ने 4 दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर 33 लाख 56 हजार रुपये ठग लिए। आरोपियों ने गिरफ्तारी का डर दिखाकर बुजुर्ग को तीन अलग-अलग बैंकों में भेजा और इनके खातों से एफडी तुड़वाकर भी रुपये आरटीजीएस के जरिये ट्रांसफर कराए। आरोपियों के दावे के अनुसार रुपये वापस नहीं मिले तो ठगी का अहसास हुआ। साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।

ठगी को लेकर यह शिकायत 80 साल के बुजुर्ग शिव प्रकाश शर्मा ने दी है। इन्होंने प्राइवेट नौकरी की और काफी साल पहले रिटायर हो चुके हैं। आरोप है कि 9 जनवरी को इनके नंबर पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि आपके मोबाइल नंबर की सेवाएं दो घंटे में बंद की जा रही है। बुजुर्ग के कारण पूछने पर कहा गया कि आपके खिलाफ मुंबई के तिलक नगर थाना में कई सारी शिकायतें आई हैं। फिर कॉल को पुलिस को ट्रांसफर कर दिया जिन्होंने वीडियो कॉल पर बात करने के दौरान रूम बंद कर अकेले बैठने को कहा। आरोपियों ने केस में गिरफ्तार कर लेने की बात कहकर डराया।

बुजुर्ग के अनुसार आरोपियों ने कहा कि आरबीआई की ओर से आपके खाते में मौजूद ट्रांजेक्शन को वेरिफाई किया जाएगा। इसके लिए आपको अपने खाते में मौजूद राशि ट्रांसफर करनी होगी। आरोपियों ने बैंक खातों की एफडी के बारे में भी पूछा। बुजुर्ग का कहना है कि आरोपी के पास पहले से ही इनके बैंक खातों की डिटेल थी। बुजुर्ग पर दबाव बनाकर 4 दिन तक बैंक भेजा गया और खाते नंबर देकर उनमें रुपये ट्रांसफर कराए गए। आरोपियों ने ये भी कहा कि अगर बैंक वाले पूछे की एफडी क्यों तोड़ रहे हो तो कहना मुझे रुपयों की जरूरत है।

Tags:    

Similar News