Delhi दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पद्म विभूषण डॉ. मुरली मनोहर जोशी का सोमवार को 92वां जन्मदिन मनाया गया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी और उनके दीर्घकालीन योगदान को याद किया।
ब्रजेश पाठक ने कहा, "भाजपा के वरिष्ठ नेता और हम सभी के मार्गदर्शक मुरली मनोहर जोशी का जन्मदिन है। उनका पूरा जीवन देश के आम नागरिकों और गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने पार्टी के स्थापना काल से ही कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और जोश भरकर देश को नेतृत्व और मार्गदर्शन दिया। हम उन्हें उत्तर प्रदेश के लोगों की ओर से शुभकामनाएं देते हैं और प्रार्थना करते हैं कि वे लगातार अपना आशीर्वाद देते रहें।"
उपमुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बेहतर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश रेवेन्यू सरप्लस स्टेज पर है और इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़क, पानी, स्कूल, अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाओं में नंबर एक की स्थिति पर है। इसके अलावा, प्रदेश की लॉ एंड ऑर्डर स्थिति और निवेश के अवसर भी उल्लेखनीय हैं, जिससे उत्तर प्रदेश उद्योगपतियों के लिए आकर्षक गंतव्य बन गया है।
मध्य प्रदेश के मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने भी डॉ. जोशी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा, "मैं डॉ. जोशी के चरणों में नमन करता हूं। हमारे जीवन में कोई भी प्रश्न उठता है, उसका समाधान उनके मार्गदर्शन से मिलता है। हमें सौभाग्य है कि उनके 92वें जन्मदिन पर हम उन्हें प्रणाम कर सकते हैं और आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं।"
डॉ. मुरली मनोहर जोशी का राजनीतिक जीवन लगभग पांच दशकों से अधिक का रहा है। उन्होंने भाजपा के उत्थान और विकास में अहम भूमिका निभाई है और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के रूप में मार्गदर्शन किया है। उनके योगदान को पार्टी और राज्य सरकार द्वारा हमेशा सम्मानित किया जाता रहा है। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से डॉ. जोशी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, उनके स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
Tags: