New Delhi.नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए - संकल्प से सिद्धि तक मोदी सरकार के 11 साल - जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश से लेकर मंडल तक के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। भाजपा नेताओं ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए 3 जून तक प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक कमेटियों का गठन किया जाना है। जिला स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके। इसके बाद वे अपनी बात लोगों तक पहुंचा सकें।

भाजपा नेता जिला और प्रदेश स्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोदी सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे। हर जिले में अलग-अलग क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। वहीं, मंडल स्तर पर विकासशील भारत संकल्प सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोग विकसित भारत का संकल्प लेंगे। मोहल्ला चौपाल के आयोजन का भी प्रस्ताव है। भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में भी योगदान देंगे। इसके लिए हर विधानसभा क्षेत्र में आयुष्मान योजना पंजीकरण शिविर लगाए जाएंगे, ताकि पात्र लोग इसका लाभ उठा सकें। हर बुजुर्ग को मुफ्त इलाज योजना का लाभ मिल सके, यह सुनिश्चित करने को कहा गया है। नेता विभिन्न प्रतियोगिताओं, संवाद और अन्य कार्यक्रमों के जरिए भी जनता तक पहुंचने की कोशिश करेंगे।


Tags: