दिल्ली : दिल्ली में एक शख्स ने चाकू से अपना गला काटा। फिर चाकू और पिस्तौल लेकर सड़क पर दौड़ने लगा और लोगों को भी डराया। इस दौरान उसे रोकने के लिए पुलिस भी मौजूद थी, लेकिन उसने पुलिस पर भी फायरिंग की। घटना 16 मार्च की नाथू कॉलोनी चौक के पास की है, इसका वीडियो अब सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, शख्स की पहचान कृष्ण शेरवाल के रूप में हुई है, जो गंभीर घायल होने के कारण फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। 16 मार्च को शाम 6:40 और 6:50 बजे एमएस पार्क पुलिस स्टेशन में दो PCR कॉल आए। जानकारी दी गई कि एक शख्स ने चाकू से अपना गला काट लिया और नाथू कॉलोनी चौक के पास चाकू लेकर दौड़ रहा था।
आसपास लोगों की भीड़ भी लगी हुई थी। उसने गोलियां भी चलाईं। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने उस पर काबू पाने की कोशिश की। इसके चलते उसने फायरिंग की। जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। हालांकि, बाद में उस पर काबू पा लिया गया।
पुलिस ने कहा कि उसकी पिस्तौल छीनकर उसे पकड़ लिया गया। उसके खिलाफ IPC की धारा 307, 394, 397, 186 और 353 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में पता चला है कि शेरवाल और उसकी पत्नी अलग रह रहे हैं। इस वजह से वह काफी समय से डिप्रेशन में है। वहीं मामले में आगे की जांच की जा रही है।