लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने बढ़ाई सतर्कता, जवानों के ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा
Delhi दिल्ली। भारतीय सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने दक्षिण कश्मीर में आतंकवाद रोधी सुरक्षा व्यवस्था और ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्हें क्षेत्र के मौजूदा सुरक्षा हालात और सेना की तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
उत्तरी कमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि आर्मी कमांडर ने दक्षिण कश्मीर में काउंटर टेररिज्म ग्रिड का जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति, खुफिया इनपुट और अभियानों की तैयारियों से अवगत कराया।
लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने जवानों को संबोधित करते हुए अनुकूलन क्षमता, सटीक कार्रवाई, लगातार सतर्कता और बेहतर तालमेल को सफल अभियानों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बदलती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए मजबूत रणनीति और तेजी से प्रतिक्रिया देने की क्षमता जरूरी है।
उन्होंने खुफिया आधारित अभियानों पर विशेष जोर दिया और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। सेना कमांडर ने जवानों से बातचीत भी की और क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के लिए उनके समर्पण और साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि जवान कठिन परिस्थितियों में भी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
भारतीय सेना जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। सुरक्षा बलों का उद्देश्य क्षेत्र में शांति बनाए रखना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। लेफ्टिनेंट जनरल शर्मा की यह समीक्षा यात्रा ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब सुरक्षा बल क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।