Ghaziabad गाजियाबाद : गांव गांवड़ी के पास एक डंपर की टक्कर लगने से बाइक सवार दंपती के घायल होने पर भड़के ग्रामीणों की मिट्टी खनन करने वालों के साथ भिड़ंत हो गई।
डंपर मालिक भाजपा नेता और ग्रामीण पक्ष की तरफ से तोड़फोड़ के साथ ही जमकर लाठी डंडे चले। भाजपा नेता ने ग्रामीणों पर फायरिंग और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। जबकि ग्रामीणों ने भी तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी हुई है। ब्रजघाट चौकी क्षेत्र के गांव गांवड़ी में बुधवार की रात को करीब 12 बजे दोनों पक्षों में यह भिड़ंत हुई। ग्रामीणों की मिट्टी खनन करने वालों के साथ भिड़ंत हुई। भाजपा एवं व्यापारी नेता कमल त्यागी ने अपनी तहरीर में उल्लेख किया है कि वह बुधवार की रात में बागड़पुर के रास्ते से अपने गढ़ चौपला स्थित घर को आ रहा था।
इस दौरान गाड़ी के आगे चार पांच बाइक चल रही थीं। जिन्हें उसने हॉर्न देकर सामने से हटाने की कोशिश की, परंतु जैसे ही वह बंगाली कालोनी में पहुंचा तो बाइक सवारों ने आगे खड़े होकर कार को रोक लिया। गाली गलौज करने पर उसने विरोध किया तो बाइक सवार उग्र हो गए, जिन्होंने लाठी डंडे और पत्थराव करते हुए कार के सामने वाला शीशा चकनाचूर कर दिया। इसके बाद उसे कार से नीचे खींचकर हमला करते हुए कार में रखी बीस हजार की नगदी भी निकाल ली। इसी दौरान पीछे से आ रही गाड़ी वहां आकर रुक गई, जिसमें सवार सलीम और ज्ञानेंद्र ने उसे बचाया।
जिसके बाद वे उसे गाड़ी में बिठाकर वहां से निकाल लाए, परंतु हमलावर फिर से उसकी गाड़ी का पीछा करने लगे। जिन्होंने बागड़पुर की तरफ से निकलने का प्रयास करने पर फिर से चार पांच बाइक सामने लगाकर गाडी रोक ली। इसके बाद जान से मारने की नीयत से तीन गोली चला दीं, जिनमें से एक गोली कार के सामने वाले शीशे को तोड़ते हुए डाईवर सीट में जा घुसी। कमल त्यागी का कहना है कि उसे मृत जानकर हमलावर वहां से भाग गए। जिनमें वह कई लोगों को अच्छी तरह जानता है।