कांवड़ यात्रा 2026: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर नहीं मिलेगी कांवड़ियों को अनुमति

Update: 2026-07-24 15:49 GMT
Delhi दिल्ली। कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों को लेकर जानकारी दी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस में पूर्वी रेंज के डीसीपी के. रमेश ने बताया कि इस बार कांवड़ यात्रियों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के नए मार्ग से यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। डीसीपी के. रमेश ने कहा कि कांवड़ यात्रा के लिए पारंपरिक मार्ग पहले की तरह खुले रहेंगे और उन्हीं रास्तों से श्रद्धालु यात्रा कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ यात्रा रोकने का फैसला सुरक्षा कारणों से लिया गया है।
उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों की आवाजाही रहती है और यहां कांवड़ यात्रियों के लिए अलग से कोई रास्ता तैयार नहीं किया गया है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर कांवड़ यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। डीसीपी ने बताया कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे और कांवड़ यात्रियों को सही मार्ग की जानकारी देने में मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक कांवड़ रूट्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार और अन्य धार्मिक स्थलों से जल लेकर दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से होकर गुजरते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन हर साल विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करें और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
Tags:    

Similar News