त्योहारों से पहले महंगाई का झटका, कमर्शियल LPG सिलेंडर ₹71.50 तक महंगा
कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़े
LPG Price 1 October: त्योहारी सीजन से पहले आज महीने के पहले ही दिन महंगाई का झटका लगा है। 1 अक्टूबर को होने वाले बदलावों में एक बड़ा बदलाव कमर्शियल सिलेंडर के रेट को लेकर हुआ है। बेंचमार्क दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर आज से 62.50 रुपये महंगा मिलेगा। दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर पिछले महीने सितंबर में 9.50 रुपये महंगा होकर 2747.50 रुपये का हुआ था। अब आज 1 अक्टूबर को 62.50 रुपये महंगा होकर 2810 रुपये का हो गया है। जबकि, पटना में यह सिलेंडर 71.50 रुपये महंगा हुआ है।
इसके साथ ही लेह से कन्याकुमारी और अहमदाबाद से पूर्वोत्तर राज्यों तक 19 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर के रेट बढ़ गए हैं। जबकि 14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस की कीमत में में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
मुंबई, चेन्नई में कितना हुआ महंगा
इंडियन ऑयल पर दिए गए नए रेट के अनुसार चेन्नई में कमर्शियल सिलेंडर अब 2983 रुपये का हो गया है। सितंबर में 2916.50 रुपये का था। यहां घरेलू सिलेंडर की कीमत 957.5 रुपये है। मुंबई में कमर्शियल 2,701 रुपये से 63 रुपये महंगा होकर अब 2764 रुपये का हो गया है। घरेलू अभी 941.5 रुपये पर ही टिका है।
अहमदाबाद में कमर्शियल सिलेंडर अब 2831.50 रुपये का हो गया जबकि, घरेलू सिलेंडर 949 रुपये पर स्थिर है। कन्याकुमारी में आज से कमर्शियल सिलेंडर 3046 रुपये का हो गया है। जबकि घरेलू सिलेंडर का रेट पहले की तरह 1026 रुपये ही है। अरुणाचल प्रदेश के तवांग में 19 किलो वाला सिलेंडर महंगा होकर 3073.50 रुपये पर पहुंच गया है। जबकि, 14.2 किलो वाला 1007.5 रुपये पर स्थिर है।
सबसे महंगा कहां है सिलेंडर
एलपीजी सिलेंडर आज भी सबसे महंगा लेह में है। यहां घरेलू रसोई गैस की कीमत 1179 रुपये है। जबकि, कमर्शियल सिलेंडर अब 3385.5 रुपये की जगह 3450 रुपये का मिलेगा। यहां कमर्शियल के रेट में 64.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
भोपाल में घरेलू सिलेंडर 947.50 रुपये है जबकि, कमर्शियल 2,755.50 रुपये से बढ़कर 2815 रुपये पर पहुंच गया है। लखनऊ में घरेलू सिलेंडर के दाम 979.5 रुपये पर स्थिर है। जबकि कमर्शियल सिलेंडर आज 1 अक्टूबर से 2,870 रुपये की जगह 2932.50 रुपये का मिलेगा। यानी लखनऊ में कमर्शियल सिलेंडर 62.50 रुपये महंगा हुआ है। पटना में घरेलू 1,031.50 और कमर्शियल अब 3100.50 रुपये का हो गया है। सितंबर में यह 3029 रुपये का था। यहां नीला सिलेंडर 71.50 रुपये महंगा हुआ है। दिल्ली की बात करें तो 14.2 किलो वाला सिलेंडर 942 रुपये ही है। मुंबई में घरेलू सिलेंडर 941.50 रुपये का है।
कैसे तय होती है LPG की कीमत
इंडियन ऑयल के मुताबिक LPG कीमत बढ़ने या घटने का असर भारत की लागत पर पड़ता है। प्राइसिंग के लिए अंतरराष्ट्रीय LPG रेट बेंचमार्क के रूप में इस्तेमाल होती है और OMCs पिछले महीने के औसत बेंचमार्क तथा विदेशी मुद्रा दर के आधार पर कीमत में बदलाव करती थीं।
दूसरी ओर घरेलू 14.2 किलो LPG की कीमत को बाजार के हवाले पूरी तरह नहीं छोड़ दिया जाता। सरकार जरूरत के मुताबिक कीमत को स्थिर रखने के लिए OMCs को निर्देश दे सकती है। उदाहरण के लिए, मई 2026 में IOCL ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद घरेलू LPG की कीमत में बदलाव नहीं किया गया और घरेलू उपभोक्ताओं को अंतरराष्ट्रीय कीमतों की बढ़ोतरी से बचाया गया। यानी अंतरराष्ट्रीय LPG महंगी होने का मतलब यह जरूरी नहीं कि उसी अनुपात में घरेलू सिलेंडर भी महंगा हो जाए।
सब्सिडी भी अंतिम कीमत को बदलती है
सरकार पात्र उपभोक्ताओं को सीधे बैंक खाते में LPG सब्सिडी दे सकती है। फिलहाल PMUY उपभोक्ताओं के लिए केंद्र सरकार ने ₹300 प्रति 14.2 किलो सिलेंडर तक, साल में अधिकतम 12 रिफिल की लक्षित सब्सिडी का प्रावधान बताया है।