Gurugram: स्टॉक में निवेश के नाम पर साइबर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके जेल भेजा
गुरुग्राम: स्टॉक मार्केट में निवेश करके मुनाफा कमाने का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले दो आरोपियों को साइबर अपराध थाना दक्षिण की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।
गुरुग्राम पुलिस इस मामले में अब तक 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। साइबर अपराध थाना दक्षिण में 14 दिसंबर 2024 को एक व्यक्ति ने दी शिकायत में बताया था कि जालसाजों ने स्टॉक मार्केट में निवेश कराने के नाम पर उसके साथ ठगी की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू की। सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर अपराध) प्रियांशु दीवान ने बताया कि पुलिस टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए वारदात में संलिप्त दो आरोपियों को पंजाब के जालंधर से गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान जालंधर के 33 वर्षीय हनी लूथर और 35 वर्षीय वरुण आंचल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आरोपी हनी लूथर रुपयों का लालच देकर लोगों के बैंक खाते खुलवाता है और उनके बैंक खातों का प्रयोग साइबर ठगी में करता है। आरोपी हनी लूथर ने गीता व ज्योति नामक महिलाओं को एक-एक बैंक खाता कैनरा बैंक में खुलवाया था। इन बैंक खातों में ठगी की राशि में से 5.30 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे।