सरकार ने तेजी से भूमि अधिग्रहण के लिए तैनात किए 4 स्पेशल रेवेन्यू ऑफसर

Update: 2022-07-29 14:23 GMT

एनसीआर नॉएडा न्यूज़: यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (Yamuna Authority) आने वाले दिनों में गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा जिलों में तेजी से भूमि अधिग्रहण करेगी। इसके लिए राज्य सरकार ने चार रेवेन्यू ऑफिसर तैनात किए हैं। इनमें दो तहसीलदार और दो नायब तहसीलदार हैं। इनका काम मुख्य रूप से यमुना प्राधिकरण की विकास योजनाओं के लिए जरूरी जमीन का बंदोबस्त करना होगा। आपको बता दें कि इस वक्त उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा विकास योजनाएं यमुना अथॉरिटी के दायरे में मूर्त रूप ले रही हैं। इनमें देश का सबसे बड़ा नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (Noida International Airport) और यमुना फिल्म सिटी (Yamuna Film City) भी शामिल हैं।

यमुना अथॉरिटी भेजे गए ये चार अफसर: यमुना अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह ने बताया कि राज्य सरकार ने भूमि अधिग्रहण से जुड़े कामकाज को तेजी से करने के लिए दो तहसीलदार और दो नायब तहसीलदार भेजे हैं। तहसीलदार रेणुका दीक्षित आगरा से यमुना अथॉरिटी भेजी गई हैं। शामली के तहसीलदार अजय कुमार शर्मा को भी यमुना प्राधिकरण में तैनात किया गया है। बुलंदशहर से नायब तहसीलदार पंकज बस्तरिया और मथुरा से संजय कुमार सिंह को यमुना अथॉरिटी भेजा गया है। सीईओ ने कहा, "नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के दूसरे चरण के लिए भूमि अधिग्रहण तेजी से किया जाना है। जिसमें कार्गो और लॉजिस्टिक्स हब बनाए जाएंगे। इसी फेज में एमआरओ हब की नींव भी रखी जाएगी। इसके अलावा टप्पल, मथुरा और आगरा में तीन अर्बन कलक्टर के लिए जमीन अधिग्रहित की जानी है। गौतमबुद्ध नगर में यमुना प्राधिकरण की कई औद्योगिक परियोजनाएं गतिमान हैं। इनके लिए भी जमीन की आवश्यकता है।"

जल्दी एक डिप्टी कलेक्टर की नियुक्ति होगी: सीईओ ने बताया कि भूमि अधिग्रहण से जुड़े कामकाज का नेतृत्व और सुपरविजन करने के लिए एक डिप्टी कलेक्टर की नियुक्ति भी जल्दी की जाएगी। इसके बाद यमुना अथॉरिटी में भूमि अधिग्रहण विभाग मुकम्मल शक्ल ले लेगा। यह सारे अधिकारी गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन के अपर जिलाधिकारी (भूमि अध्याप्ति) के साथ मिलकर काम करेंगे।

Tags:    

Similar News

-->