Ghaziabad में वारदात के बाद तनाव, हत्या मामले में जांच तेज

Update: 2026-07-02 14:42 GMT

Ghaziabad गाजियाबाद : थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र निवासी मोहित की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में परिजन व स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया, जिससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।परिजनों का आरोप है कि मोहित का कुछ लोगों से पहले से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद आपसी समझौता भी कर लिया गया था। लेकिन मंगलवार को आरोपियों ने कथित रूप से जन्मदिन की पार्टी के बहाने मोहित को बुलाया और सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या कर दी।

घटना के बाद लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि यदि पहले हुए विवाद के दौरान पुलिस ने सख्त कार्रवाई की होती तो यह घटना टाली जा सकती थी।सूचना मिलने पर थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।एसीपी प्रिया श्रीपाल ने बताया कि हत्या के मामले में जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, जिसमें पुराना विवाद और संभावित साजिश की दिशा भी शामिल है।

Tags:    

Similar News