गाजियाबाद: नंदग्राम क्षेत्र में स्क्रैप कारोबारी से मकान बेचने के नाम पर 17 लाख की धोखाधड़ी की घटना सामने आई है। मामले में कारोबारी मुस्ताक ने फारूख व उसके बेटे व भतीजे के खिलाफ नंदग्राम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

घंटाघर नई बस्ती निवासी मुस्ताक ने बताया कि उनकी कई साल से फारूख, उसके बेटे व भतीजे से जान पहचान थी। करीब तीन साल पहले फारूख ने कहा कि वह अपना 400 वर्गगज का प्लॉट बेचना चाहता है। इसपर उन्होंने कहा कि उनके पास इतना बड़ा प्लॉट खरीदने के पैसे नहीं हैं। फारूख कहने लगा कि कोई बात नहीं तुम 50 वर्ग गज के प्लॉट खरीदने का इंतजाम कर लो और किस्तों में पैसा दे देना। सौदा तय होने के बाद उन्होंने 18 लाख रुपये ढाई साल में फारूख को दे दिए। जब बैनामे का समय आया तो फारूख ने बैनामा करने से इन्कार कर दिया।

तकादा करने पर काफी प्रयास के बाद एक लाख आरोपी ने लौटाए। अब आरोपी अपने बेटे व भतीजे के साथ मिलकर उनको जान से मारने की धमकी देने लगा। लेनदेन के साक्ष्य और वीडियो भी उनके पास है। अब पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। एसीपी नंदग्राम पूनम मिश्रा ने बताया कि जांच शुरू करा दी गई है। मामले में कार्रवाई होगी।

Tags: