Delhi दिल्ली : बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक कॉस्मेटिक की दुकान में चाकू की नोंक पर लूटपाट करने के आरोप में एक नाबालिग समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। डीसीपी (बाहरी) सचिन शर्मा ने बताया, "जांचकर्ताओं ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें छह लोगों की संलिप्तता सामने आई है।
इनमें से चार लोग दुकान में घुसे और दो अन्य लोग बाहर इंतजार कर रहे थे।" उन्होंने बताया कि जतिन (18), योगेश (18), पार्थ (18) और एक नाबालिग शुक्रवार शाम मंगोलपुरी के एम-ब्लॉक स्थित दुकान में घुसे और दुकानदार को चाकू की नोंक पर बंधक बनाकर 8,000-10,000 रुपये की नकदी लूटकर भाग गए। डीसीपी ने बताया कि सूचना मिली थी कि चार संदिग्ध मंगोलपुरी के बापू पार्क के पास देखे गए हैं। जाल बिछाया गया और चारों को मौके से ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि जतिन के पास से अपराध में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है, जबकि योगेश और पार्थ के पास से लूटी गई नकदी बरामद की गई है। वे दुकान के बाहर इंतजार कर रहे दो अन्य लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।