नई दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली के दो बड़े फाइव स्टार होटलों में खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने एयरोसिटी स्थित JW मैरियट और अंदाज दिल्ली होटल में निरीक्षण के दौरान कई खामियां पाए जाने के बाद नोटिस जारी किया है। जांच में किचन की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव और लाइसेंस से जुड़ी अनियमितताएं सामने आईं।

FSSAI की जांच के दौरान JW मैरियट होटल में कॉकरोच और मक्खियां पाए जाने की जानकारी सामने आई। इसके अलावा कुछ खाद्य सामग्री खराब हालत में मिली, फलों और सब्जियों पर फफूंद लगी हुई थी और खाद्य पदार्थों को रखने के तरीके में भी खामियां पाई गईं। किचन एरिया में स्वच्छता मानकों का पालन नहीं होने पर अधिकारियों ने चिंता जताई। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कुछ जगहों पर खाद्य सामग्री का तापमान नियंत्रण सही तरीके से नहीं किया जा रहा था। वेज और नॉनवेज सामग्री के रखरखाव, लेबलिंग और स्टोरेज व्यवस्था में भी कमियां पाई गईं। FSSAI ने होटल प्रबंधन से इन खामियों को तुरंत दूर करने और सुधारात्मक कार्रवाई की रिपोर्ट देने को कहा है।
वहीं अंदाज दिल्ली होटल में भी खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर कमियां मिलीं। जांच के दौरान एक्सपायर्ड मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री मिलने की बात सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार करीब 87 किलोग्राम ऐसी मिठाइयां मिलीं जिनकी इस्तेमाल अवधि समाप्त हो चुकी थी। इसके अलावा स्वच्छता व्यवस्था और लाइसेंस संबंधी नियमों में भी कमी पाई गई।
FSSAI ने दोनों होटलों से खाद्य सामग्री के कई नमूने लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य नियामक का कहना है कि बड़े होटल और रेस्तरां भी खाद्य सुरक्षा नियमों से बाहर नहीं हैं और सभी प्रतिष्ठानों को तय मानकों का पालन करना होगा।
इस कार्रवाई के बाद होटल इंडस्ट्री में भी हड़कंप मचा हुआ है। FSSAI लगातार अभियान चलाकर होटलों, रेस्तरां और खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और गुणवत्ता की जांच कर रहा है, ताकि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके। JW मैरियट और अंदाज दिल्ली की ओर से भी मामले पर प्रतिक्रिया दी गई है। दोनों होटल प्रबंधन ने जांच में सहयोग करने और जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने की बात कही है।

Tags: