फिरोजाबाद: भाई-भाभी पर प्रताड़ना का आरोप, शिवम की आत्महत्या के बाद दोनों गिरफ्तार
शिवम की आत्महत्या को लेकर भाई-भाभी गिरफ्तार, प्रताड़ना का आरोप
फिरोजाबाद: दक्षिण थाना क्षेत्र अन्तर्गत लगभग 14 माह पूर्व बड़े भाई और भाभी की प्रताड़ना से तंग आकर कानपुर के रहने वाले एक छोटे भाई ने आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने रविवार को आरोपित दंपत्ति को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
कानपुर देहात के थाना अकबरपुर क्षेत्र के गांव मुक्तापुर निवासी कीर्ति देवी ने कोर्ट के आदेश पर 2 अक्टूबर 2025 को थाना दक्षिण पर अपने ही जेठ विकास कुमार व जेठानी रूबी देवी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे में कीर्ति देवी का आरोप था कि उसकी शादी शिवम के साथ हुई थी। शिवम का अपने बड़े भाई विकास कुमार व भाभी रूबी देवी से विवाद था। जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच मुकदमे शुरू हो गई, जिसमें देवर शिवम को जेल जाना पड़ा। जेल से छूटने के बाद दिसंबर 2024 में शिवम अपनी पत्नी व बच्चों को लेकर फिरोजाबाद आ गया और नगला पाचिया हिमायूंपुर में किराए के मकान में रहने लगा। आरोप है कि मुकदमे की तारीख करने शिवम कानपुर गया था। जहां उसके भाई विकास व भाभी रूबी ने उसे ज़लील किया, जिससे प्रताड़ित होकर शिवम ने 21 जून 2025 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने एक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें उसने अपने भाई विकास व भाभी रूबी पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए अपनी मौत का जिम्मेदार बताया था।
थाना प्रभारी दक्षिण योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि जांच के दौरान सुसाइड नोट को विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया था। हैंड राइटिंग मिलान होने पर दोनों नामजद अभियुक्त विकास कुमार और उसकी पत्नी रूबी देवी को जैन मंदिर चौराहा से गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों के विरुद्ध कार्यवाही कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।