Delhi दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में शुक्रवार सुबह गोली चलने की घटना से हड़कंप मच गया। घटना में 32 वर्षीय नीरज की मौत हो गई, जबकि पड़ोस में रहने वाली 48 वर्षीय राजवती के पैर में गोली लगी है। घायल महिला को इलाज के लिए राजीव गांधी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गोकलपुरी थाना क्षेत्र के जौहरीपुर में सुबह गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक मकान की पहली मंजिल के कमरे में नीरज खून से लथपथ हालत में मिला। उसके पास एक रिवॉल्वर भी पड़ी थी। जांच में सामने आया कि हथियार का लाइसेंस नीरज के पिता के नाम पर था। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
घायल राजवती ने पूछताछ में बताया कि उसका घर नीरज के घर से सटा हुआ है। सुबह करीब 7 से 7:15 बजे के बीच नीरज ने उसे फोन कर मिट्टी की हांडी मांगी थी। महिला का परिवार मिट्टी के बर्तन बेचने का काम करता है। आरोप है कि बातचीत के दौरान जब राजवती अपने घर की पहली मंजिल की ओर सीढ़ियां चढ़ रही थी, तभी नीरज ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके दाहिने पैर में लगी।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, नीरज के घर की बालकनी से राजवती के मकान की सीढ़ियां साफ दिखाई देती हैं। अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि नीरज ने पहले राजवती पर गोली चलाई और इसके बाद कमरे में जाकर रिवॉल्वर से खुद के सिर में गोली मार ली। मामले में बीएनएस की धारा 109(1) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। नीरज का शव पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेजा गया है। घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की आगे जांच की जा रही है।
Tags: