WhatsApp calls से ड्रग डीलिंग, दो नाइजीरियन गिरफ्तार

Update: 2026-08-01 14:34 GMT

दिल्ली: रेलवे पुलिस ने अंतरराज्यीय कोकीन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो नाइजीरियन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के पास से 2.288 किलोग्राम कोकीन बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह खेप मुंबई पहुंचाई जानी थी। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाएं व्हाट्सएप कॉल के जरिए ड्रग्स सप्लाई के ऑर्डर लेती थीं और निर्देश मिलने के बाद खेप को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाती थीं।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चिकान्सो जेम्स और हैप्पीनेस ओकोये के रूप में हुई है। रेलवे यूनिट की स्पेशल स्टाफ और हजरत निजामुद्दीन रेलवे थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ा। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई से दिल्ली-एनसीआर और मुंबई तक फैले ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाएं हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध हालत में घूम रही थीं। 31 जुलाई को रेलवे यूनिट के जवान प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस की नजर सामान लेकर घूम रही दो नाइजीरियन महिलाओं पर पड़ी। शक होने पर पुलिस ने उन्हें रोका और पूछताछ शुरू की।

तलाशी लेने पर पुलिस को उनके बैग, अंडरगारमेंट और पैंट के अंदर टेप से चिपकाए गए करीब 11 पैकेट मिले। जांच करने पर इन पैकेटों में कोकीन होने की पुष्टि हुई। बरामद कोकीन का कुल वजन 2.288 किलोग्राम बताया गया है।

पूछताछ में मुख्य आरोपित चिकान्सो जेम्स ने बताया कि उसे यह कोकीन की खेप दिल्ली के विकासपुरी इलाके से मिली थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विकासपुरी में उन्हें ड्रग्स किसने उपलब्ध कराई थी और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद कोकीन की खेप मुंबई भेजी जानी थी। दोनों महिलाएं ट्रेन से मुंबई जाने की तैयारी में थीं, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपितों को नाइजीरिया के नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आती थीं।

इन कॉल्स के जरिए उन्हें बताया जाता था कि ड्रग्स का पार्सल कहां से लेना है और उसे किस स्थान पर पहुंचाना है। पुलिस अब उन लोगों की तलाश कर रही है जो इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे हैं।

रेलवे पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपित चिकान्सो जेम्स को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि दूसरी आरोपित हैप्पीनेस ओकोये को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दोनों के पासपोर्ट भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह गिरोह कितने समय से सक्रिय था और इससे पहले कितनी बार ड्रग्स की सप्लाई की जा चुकी है। इसके अलावा पुलिस आर्थिक लेनदेन, सप्लायर और मुंबई में खेप लेने वाले लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध ड्रग्स नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचा है। राजधानी में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

Tags:    

Similar News