दिल्ली में रेलवे का बड़ा कायाकल्प, 8976 करोड़ की परियोजनाओं पर काम जारी
नई दिल्ली से आनंद विहार तक स्टेशनों का होगा आधुनिकीकरण, रेलवे की बड़ी तैयारी
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रेलवे सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए करीब 8,976 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जारी बयान में बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। उन्होंने वित्त वर्ष 2026-27 में दिल्ली के रेलवे विकास के लिए 2,711 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित करने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, नई रेल सेवाओं और यात्री सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने से राजधानी की रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
उन्होंने नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे दिल्ली और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा सुविधाजनक होगी। उनके अनुसार, इस ट्रेन में स्वचालित दरवाजे, कवच सुरक्षा प्रणाली और आरामदायक बर्थ जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
रेखा गुप्ता ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली कैंट, दिल्ली सराय रोहिल्ला, दिल्ली शाहदरा, नरेला, सफदरजंग, बिजवासन, सब्जी मंडी, तिलक ब्रिज और आदर्श नगर दिल्ली रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है।
इन स्टेशनों पर आधुनिक प्रतीक्षालय, नए शौचालय, पेयजल व्यवस्था, प्लेटफॉर्म शेड, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, एस्केलेटर और बेहतर पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा और स्टेशन के दोनों ओर बेहतर आवागमन व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अजमेरी गेट की ओर होल्डिंग एरिया का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं डबल बेसमेंट और एलिवेटेड रोड की नींव का काम शुरू किया गया है।
हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर सराय काले खां की ओर दूसरे प्रवेश द्वार का पुनर्विकास किया जा रहा है। दिल्ली कैंट में नए स्टेशन भवन और एलिवेटेड रोड सहित अन्य सुविधाओं पर काम चल रहा है।
इसके अलावा सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर स्टेशन भवन तथा सिग्नल एवं दूरसंचार भवन के निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। बिजवासन, नरेला, सब्जी मंडी और तिलक ब्रिज स्टेशनों पर भी विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली के रेलवे नेटवर्क को मजबूती मिलेगी और यात्रियों को आधुनिक तथा सुविधाजनक रेल सेवाओं का लाभ मिलेगा।