आज घर से संभलकर निकलें दिल्ली वाले BRICS के चलते बदले ट्रैफिक रूट
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की BRICS ट्रैफिक एडवाइजरी
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आज यानी 12 सितंबर को घर से निकलने से पहले अपना रास्ता जरूर जांच लें। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कारण दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 11 से 13 सितंबर तक व्यापक ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। भारत मंडपम में आयोजित सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधिमंडल शामिल हो रहे हैं। वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए मध्य और दक्षिण दिल्ली की कई महत्वपूर्ण सड़कों पर यातायात नियंत्रित किया जा रहा है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को अपनी यात्रा पहले से प्लान करने, अतिरिक्त समय लेकर निकलने और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। अधिकारियों के मुताबिक सुरक्षा और वीवीआईपी मूवमेंट के अनुसार कुछ सड़कों पर वाहनों को अस्थायी रूप से रोका या डायवर्ट किया जा सकता है।
इन प्रमुख सड़कों पर रहेगा असर
ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक तीन जनवरी मार्ग, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, सरदार पटेल मार्ग, जनपथ, पुराना किला रोड, तिलक मार्ग, लोधी रोड और कर्तव्य पथ सहित कई प्रमुख मार्ग नियंत्रित ट्रैफिक क्षेत्र में हैं। इसके अलावा मथुरा रोड, फिरोजशाह रोड, अफ्रीका एवेन्यू, केएम अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, सी-हेक्सागन, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, अशोक रोड, पृथ्वीराज रोड, कौटिल्य मार्ग, सफदरजंग रोड, पंचशील मार्ग, सैन मार्टिन मार्ग और न्याय मार्ग भी प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि इन मार्गों का नियंत्रित क्षेत्र में होना यह नहीं दर्शाता कि वे पूरे दिन पूरी तरह बंद रहेंगे। वीवीआईपी काफिले और सुरक्षा जरूरतों के आधार पर ट्रैफिक को कुछ समय के लिए नियंत्रित या दूसरे रास्ते पर भेजा जा सकता है।
22 जगह बनाए गए डायवर्जन प्वाइंट
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शहर में 22 डायवर्जन प्वाइंट बनाए हैं। इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, गुरु नानक चौक, केजी मार्ग-आउटर सर्किल, जनपथ, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल, धौला कुआं फ्लाईओवर और मोती बाग फ्लाईओवर जैसे महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं। लोधी रोड के कई चौराहों, नीला गुंबद, ओबेरॉय फ्लाईओवर के नीचे, डीपीएस मथुरा रोड के सामने यू-टर्न, रिंग रोड-भैरों रोड और मंडी हाउस के आसपास भी जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है।
एयरपोर्ट जाने वाले रखें अतिरिक्त समय
ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वीवीआईपी मूवमेंट के कारण दक्षिण दिल्ली, धौला कुआं और एयरपोर्ट से जुड़े मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और जहां संभव हो मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी समय से पहले घर से निकलने को कहा गया है। सम्मेलन के मद्देनजर कुछ ट्रेनों के संचालन में भी अस्थायी बदलाव किए गए हैं।
मेट्रो बन सकती है बेहतर विकल्प
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यात्रा की योजना पहले से बनाने और ट्रैफिक एडवाइजरी पर नजर रखने को कहा है। मेट्रो का इस्तेमाल सड़क पर लगने वाले संभावित जाम और डायवर्जन से बचने का बेहतर विकल्प हो सकता है। ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर ब्रिक्स सम्मेलन के लिए 11 से 13 सितंबर तक की विशेष एडवाइजरी भी जारी की गई है।