नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव 2026 के नतीजों का इंतजार आज खत्म होने वाला है। शुक्रवार को मतदान संपन्न होने के बाद शनिवार को वोटों की गिनती की जाएगी। अध्यक्ष उपाध्यक्ष सचिव और संयुक्त सचिव समेत चार केंद्रीय पदों के लिए प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है। मतगणना दिल्ली विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित मल्टीपर्पज हॉल में होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन मतगणना की वीडियोग्राफी भी कराएगा।

डूसू चुनाव में इस बार छात्रों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक मतदान 39.78 प्रतिशत तक पहुंचा हालांकि विश्वविद्यालय की ओर से अंतिम मतदान प्रतिशत जारी होने के बाद आधिकारिक तस्वीर स्पष्ट होगी। चुनाव के लिए 52 मतदान केंद्र और 158 बूथ बनाए गए थे। कुल 1 लाख 51 हजार 842 छात्र मतदान के लिए पात्र थे। चुनाव में एबीवीपी एनएसयूआई आइसा-एसएफआई गठबंधन एएसएपी और निर्दलीय उम्मीदवारों समेत कुल 20 प्रत्याशी मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए सात उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें एबीवीपी के यश डबास एनएसयूआई के विजय शंकर मीणा और आइसा-एसएफआई की अनन्या रतूड़ी के अलावा अश्मित पवार एजाज मंसूरी समर्थ बेनीवाल और समीर कुमार शामिल हैं।
उपाध्यक्ष पद के लिए एबीवीपी के इशू मौर्य एनएसयूआई के वीर छत्रथ और आइसा-एसएफआई के अक्षत शिखर समेत पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। सचिव पद पर एबीवीपी की रिया छावड़ी एनएसयूआई की नम्रता चौधरी आइसा-एसएफआई के स्टैनज़िन डेस्क्योंग और एएसएपी के पंकज कुमार चुनाव लड़ रहे हैं। संयुक्त सचिव पद पर भी चार प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है।
शुक्रवार को मतदान दो पालियों में कराया गया। सुबह की कक्षाओं के छात्रों के लिए मतदान सुबह 8:30 बजे से दोपहर एक बजे तक हुआ जबकि शाम की कक्षाओं के लिए मतदान दोपहर तीन बजे से शाम 7:30 बजे तक निर्धारित था। चार केंद्रीय पदों के प्रतिनिधियों को चुनने के लिए मतदान कराया गया। इस बार चुनाव प्रचार के दौरान सुरक्षा और आचार संहिता के उल्लंघन का मुद्दा भी चर्चा में रहा। दिल्ली हाई कोर्ट ने चुनाव के दौरान कथित हिंसा हथियारों के प्रदर्शन और अन्य उल्लंघनों को लेकर सख्त रुख अपनाया और नतीजों के बाद विजय जुलूस पर रोक लगाई है। अब सभी की नजर मतगणना पर टिकी है। वोटों की गिनती पूरी होने के बाद साफ हो जाएगा कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष समेत चार महत्वपूर्ण पदों पर किन उम्मीदवारों को छात्रों का समर्थन मिला है। आधिकारिक परिणाम विश्वविद्यालय के चुनाव अधिकारियों की घोषणा के बाद ही अंतिम माने जाएंगे।
Tags: