बुजुर्ग दंपति से लूट मामले में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई, यूपी से आरोपी गिरफ्तार
Delhi दिल्ली। दिल्ली के रूप नगर इलाके में बुजुर्ग दंपति के घर में घुसकर लूटपाट करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने जांच के बाद उत्तर प्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के दौरान मुठभेड़ की स्थिति भी बनी, जिसमें दोनों ओर से फायरिंग हुई।
डीसीपी नॉर्थ निहारिका भट्ट ने बताया कि 6 और 7 अगस्त की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बुजुर्ग दंपति अपने घर में अकेले रहते हैं और चार लोग रात के समय उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने दंपति के हाथ बांध दिए और उनके साथ लूटपाट की।
सूचना मिलने के बाद रूप नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष स्टाफ टीम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। टीम ने तकनीकी निगरानी और अन्य जांच माध्यमों से आरोपियों की तलाश शुरू की।
डीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के उत्तर प्रदेश में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने यूपी के कई जिलों में दबिश दी। स्पेशल स्टाफ की टीम ने मथुरा, मैनपुरी और अलीगढ़ समेत कई इलाकों में जाकर आरोपियों की तलाश की।
पुलिस के अनुसार, एक आरोपी को यूपी में ट्रेस कर पकड़ने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। इस घटना के संबंध में मथुरा के फराह थाने में भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर लूट की वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों और गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि बुजुर्गों और अकेले रहने वाले लोगों को निशाना बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम इलाके में हुई अन्य वारदातों से भी आरोपियों के संबंध की जांच कर रही है।