Delhi दिल्ली : उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में एक आभूषण की दुकान की छत में छेद करके कथित तौर पर सेंध लगाने और आभूषण व इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर भागने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना 13 जुलाई को तब सामने आई जब दुकान के मालिक करण वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि पिछली रात उनकी दुकान में चोरी हुई थी। चोर छत में छेद करके अंदर घुसा था और सोने-चाँदी के कई सामान गायब बताए गए हैं।
शिकायत के बाद, पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू की। फुटेज और अन्य सबूतों की मदद से आरोपी की पहचान कर ली गई। अधिकारियों ने बताया कि गोकलपुर गाँव निवासी 24 वर्षीय आरोपी योगेश कुमार को छापेमारी के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने उसके पास से लगभग 20 ग्राम सोना, 1.65 किलोग्राम चाँदी, एक टैबलेट और दो मोबाइल फोन बरामद किए। यह पता लगाने के लिए आगे की जाँच जारी है कि क्या वह इसी तरह की किसी और चोरी में शामिल था।
Tags: