Delhi दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को मोती नगर में 'जन कौशल केंद्र' और 'स्वयं स्वास्थ्य केंद्र' का उद्घाटन किया। इनका मकसद युवाओं को AI-बेस्ड स्किल्स देना और स्थानीय स्तर पर हेल्थकेयर सेवाओं तक पहुंच को बेहतर बनाना है। ये दोनों केंद्र मदन लाल खुराना फाउंडेशन की कोशिशों से शुरू किए गए हैं। गुप्ता ने कहा कि इस पहल से पारंपरिक शिक्षा और नई टेक्नोलॉजी के बीच का अंतर कम करने में मदद मिलेगी और युवा भविष्य में नौकरी और एंटरप्रेन्योरशिप के मौकों के लिए तैयार हो सकेंगे।
उन्होंने बताया कि 'जन कौशल केंद्र' में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल टेक्नोलॉजी की ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बुजुर्ग भी AI के बारे में सीखने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस लक्ष्य के भी अनुरूप है, जिसके तहत एक करोड़ युवाओं को AI स्किल्स में माहिर बनाने की बात कही गई है।
'स्वयं स्वास्थ्य केंद्र' का उद्घाटन करते हुए गुप्ता ने कहा कि स्थानीय स्तर पर हेल्थकेयर की सुविधा मिलना उतना ही ज़रूरी है, जितनी शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट। इस केंद्र में CBC, LFT, KFT, ब्लड शुगर, थायरॉयड, कोलेस्ट्रॉल वगैरह जैसे टेस्ट की सुविधा मिलेगी। उद्घाटन के मौके पर MLA हरीश खुराना, उमंग बजाज और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।