Delhi दिल्ली पुलिस के पूर्व कमिश्नर सतीश गोलचा को होम गार्ड्स डायरेक्टरेट में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) नियुक्त किया गया है। दिल्ली सरकार के होम डिपार्टमेंट के आदेश के अनुसार, उपराज्यपाल ने निर्देश दिया है कि IPS अधिकारी सतीश गोलचा को OSD के तौर पर तैनात किया जाए। यह तैनाती होम गार्ड्स के मौजूदा डायरेक्टर जनरल (DG), IPS अधिकारी वीरेंद्र सिंह के 30 सितंबर को रिटायर होने तक रहेगी।
आदेश में कहा गया है कि गोलचा 1 अक्टूबर से होम गार्ड्स के डायरेक्टर जनरल का पद संभालेंगे। दिल्ली पुलिस को यह भी निर्देश दिया गया है कि जब तक गोलचा होम गार्ड्स के DG का पद नहीं संभालते, तब तक उन्हें कोई उपलब्ध पद सौंपा जाए।
यह आदेश 25 अगस्त को होम डिपार्टमेंट के डिप्टी सेक्रेटरी रमेश कुमार ने जारी किया था। इसे पुलिस कमिश्नर, गृह मंत्रालय, मुख्यमंत्री सचिवालय और अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजा गया था।