दिल्ली: कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ दिल्ली के कई इलाकों में किया प्रदर्शन

Update: 2022-04-03 16:48 GMT

दिल्ली न्यूज़: ईंधन और गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने भाजपानीत केंद्र सरकार के खिलाफ रविवार को कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन किया। महंगाई मुक्त भारत, अभियान के तहत प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर जमकर हमले किए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और उसे तेल व प्राकृतिक गैस की कीमतों में भारी वृद्धि के लिए जिम्मेदार ठहराया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने कहा कि केंद्र ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, पीएनजी और यहां तक कि घरेलू गैस सिलेंडर तक के दाम बढ़ा दिए हैं। उन्होंने कहा, ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी से रोजमर्रा के अन्य जरूरी सामानों के दाम भी बढ़ गए हैं। आम आदमी को राहत देने के लिए केंद्र सरकार को ईंधन की कीमतें घटानी चाहिए। विरोध-प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र पर कटाक्ष करते हुए मोटरसाइकिल और गैस सिलेंडर पर माला डाली।

प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाले कांग्रेस समर्थकों ने कहा कि इतनी महंगाई में आम आदमी के लिए गुजर-बसर करना मुश्किल हो गया है। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, ईंधन और प्राकृतिक गैस की कीमतों में लगातार होती वृद्धि ने जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। पेट्रोल-डीजल की दरें हर रोज बढ़ाई जा रही हैं, जिसका अन्य वस्तुओं पर भी व्यापक प्रभाव पड़ रहा है। दैनिक उपभोग की वस्तुएं दिन ब दिन महंगी होती जा रही हैं। कांग्रेस ने आज दिल्ली के आठ जिलों तिलक नगर, आर्दश नगर, करोल बाग, नजफगढ़, पटपडग़ंज, रोहिणी, बदरपुर व नई दिल्ली में प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन में अनिल कुमार के अलावा जिलाध्यक्षों में एडवोकेट दिनेश कुमार, धर्मपाल चंलेला, मनोज यादव, मदन खोरवाल, सतबीर शर्मा, विशाल मान, विष्णुस्वरूप अग्रवाल व विरेन्द्र कसाना, पूर्व विधायक अमरीश गौतम, विजय कुमार, गुरमीत कौर, धर्म पाल मौर्य, विजेंद्र चौधरी, रूपेश और विजय चौधरी आदि मौजूद थे।

Tags:    

Similar News

-->