दिल्ली क्राइम न्यूज़: शाहदरा जिला के जगतपुरी थाना इलाके में पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए 10 युवकों ने एक व्यक्ति को पीटकर अधमरा कर दिया। घायल प्रवीण वर्मा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पीड़ित प्रवीण परिवार के साथ जगतपुरी के दक्षिणी अनारकली इलाके में रहता है। वह ज्वेलर की दुकान पर नौकरी करता है। वीरवार दोपहर करीब दो बजे वह बाइक ठीक कराने जा रहा था। रास्ते में सौरव, सन्नी व एक अन्य युवक ने उसे रोक लिया। कुछ दिन पहले प्रवीण का इनसे झगड़ा हुआ था।

तीनों प्रवीण के साथ मारपीट करने लगे। प्रवीण जान बचाकर भाग गया। करीब एक घंटे बाद आरोपियों ने करीब 10 साथियों के साथ मिल कर दोबारा प्रवीण को घेर लिया व लाठी डंडे व लात घूंसों से पीटकर अधमरा कर दिया। पुलिस मामले की जांचकर सभी फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

Tags: