कांग्रेस ने पार्टी के सदस्यता अभियान की 15 अप्रैल तक बढ़ाई तारीख

कांग्रेस पार्टी ने मेम्बरशिप ड्राइव यानी सदस्यता अभियान की समय सीमा 15 दिन के लिए बढ़ा दिया है।

Update: 2022-03-31 17:22 GMT

नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी ने मेम्बरशिप ड्राइव यानी सदस्यता अभियान की समय सीमा 15 दिन के लिए बढ़ा दिया है। अब यह 31 मार्च की बजाय अब यह 15 अप्रैल तक चलेगा। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार को ट्वीट कर जानकारी दी कि पार्टी ने अपने विशेष सदस्यता अभियान को 15 दिनों तक के लिए बढ़ा दिया है और अब यह 15 अप्रैल तक चलेगा। उन्होंने ट्वीट कहा, कांग्रेस अध्यक्ष (सोनिया गांधी) ने विशेष सदस्यता अभियान को 15 दिनों के लिए बढ़ाने संबंधी महासचिवों एवं प्रभारियों के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है। यह अभियान अब 15 अप्रैल, 2022 तक चलेगा।

लेकिन खासबात ये है कि संगठनात्मक चुनाव को लेकर पूर्व में तय की गई समय सीमा में किसी बदलाव को लेकर पार्टी की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है। यानी कि पार्टी के आंतरिक चुनाव अपने निर्धारित समय सीमा के भीतर ही होंगे। उल्लेखनीय है कि 31 मार्च की निर्धारित सीमा तक कांग्रेस में पर्ची के माध्यम से करीब 4 करोड़ और डिजिटल तरीके से करीब 2 करोड़ सदस्य बन गए हैं। यह पांच साल पहले हुई सदस्यता अभियान की तुलना में दुगनी संख्या है।
कांग्रेस के रणनीतिकारों का मानना है कि डिजिटल माध्यम से बने सदस्यों का आंकड़ा वास्तविक होगा और उनतक पहुंचना आसान होगा। यह सब मुख्य रूप से 2024 लोकसभा चुनाव में बीजेपी को टक्कर देने की तैयारी है। हालांकि नेटवर्क और नेताओं-कार्यकर्ताओं की तकनीक से जुड़ी परेशानियां इस अभियान के आड़े आ रही हैं। लेकिन बावजूद इसके राज्यों की ओर से तमाम जिलाध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्षों ने पार्टी की सदस्यता अभियान की तारीख बढ़ाने की मांग शीर्ष नेतृत्व से की थी, जिसके मद्देनजर पार्टी ने यह फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक जहां पर्ची से पांच महीने के दौरान करीब 3 करोड़ सदस्य बने हैं, वहीं शुरूआती 40 दिनों में ही डिजिटल अभियान के जरिए बनने वाले सदस्यों की संख्या करीब 1 करोड़ 30 लाख पहुंच चुकी है। इसी को देखते हुए सदस्यता अभियान की तारीख आगे बढ़ाई गई है।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अब तक डिजिटल मेम्बरशिप में 42 फीसदी महिलाएं जुड़ी हैं, जबकि 47 प्रतिशत सदस्यों की उम्र 18 से 40 के बीच है। कांग्रेस के डिजिटल मेम्बरशिप की शुरूआत फरवरी में तेलंगाना से हुई थी। फिलहाल यह 16 प्रदेशों में जारी है जिसमें तेलंगाना शीर्ष पर है।
Tags:    

Similar News

-->