Delhi दिल्ली प्रहलादपुर बांगर गांव में एक 22 साल की महिला अपने घर के बाथरूम में संदिग्ध हालात में मृत पाई गई। उसके पति और बच्चे घर से गायब थे। महिला की पहचान सबीला खातून के तौर पर हुई है। वह 29 अगस्त को शाहबाद डेयरी पुलिस स्टेशन इलाके में अपने घर पर मृत पाई गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम से उसका शव बरामद किया। सबीला ने करीब दो साल पहले मोहम्मद लालबाबू से शादी की थी और वह उसके साथ प्रहलादपुर बांगर में रह रही थी।
सबीला के भाई मोहम्मद गुलाब ने पुलिस को बताया कि जब वह अपनी बहन के घर पहुंचा, तो उसे वह मृत मिली, जबकि उसका पति और बच्चा घर से गायब थे। महिला की मौत के हालात की जांच की जा रही है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 302 के तहत मामला दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगी। महिला के पति का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।