Delhi दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने ओखला इलाके से अर्श दल्ला गिरोह से जुड़े एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से चार सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल बरामद की हैं। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंजाब के सरदुलगढ़ का रहने वाला एकमजोत संधू (18) को ओखला में ईएसआई अस्पताल के पास से उस समय पकड़ा गया, जब वह पंजाब में गिरोह के सदस्यों को हथियार सप्लाई करने जा रहा था। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) ऐश्वर्या शर्मा ने बताया, "संधू अर्श दल्ला सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य था।
यह समूह पंजाब और अन्य राज्यों में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त है। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के साथ उसकी पुरानी दुश्मनी थी।" अधिकारी ने बताया कि अर्श दल्ला गिरोह से जुड़े हथियार तस्करों की गतिविधियों के बारे में इनपुट मिले थे। बाद में एकमजोत की पहचान की गई और उसने कथित तौर पर मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से हथियार खरीदे थे। उन्होंने कहा, "18 जून को पुलिस टीम को सूचना मिली कि संधू गिरोह के विदेश स्थित हैंडलर बब्बू दलेमा के करीबी सहयोगी परमजीत सिंह उर्फ पम्मा भीखी के सहयोगी को हथियार आपूर्ति करने के लिए दिल्ली से गुजर रहा है।"