खेलो इंडिया के तहत विकसित होगा अलीपुर स्टेडियम, युवाओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
दिल्ली में सफाई और जलभराव पर महापौर सख्त, अधिकारियों को दिए निर्देश
नई दिल्ली: दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने बुधवार को बाहरी उत्तर क्षेत्र के अलीपुर और नरेला वार्ड का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, जल निकासी और खेल सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अलीपुर स्थित मिनी स्टेडियम को विकसित करने और खिलाड़ियों के लिए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि खेलो इंडिया मुहिम के तहत अलीपुर मिनी स्टेडियम का विकास किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ा सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्टेडियम के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अलीपुर वार्ड में सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
इसके बाद महापौर टिकरी खुर्द स्थित स्वर्ण जयंती विहार पहुंचे, जहां उन्होंने जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को नालों की उचित सफाई कराने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
नरेला वार्ड की गौतम कॉलोनी में रेलवे लाइन के समीप जलभराव की समस्या को देखते हुए महापौर ने नाले से गाद निकालने और पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। महापौर ने अधिकारियों को नागरिकों की शिकायतों का शीघ्र समाधान करने और आवश्यक कार्यों में तेजी लाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान नरेला विधायक राज करण खत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं निगम में मनोनीत सदस्य विनोद सहरावत, पार्षद योगेश राणा, मनोनीत सदस्य लक्ष्मण आर्य, बाहरी उत्तर क्षेत्र के उपायुक्त राघवेंद्र मीणा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।