नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में महिला सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है। ग्रेटर नोएडा से दिल्ली के कश्मीरी गेट तक चलने वाली एक स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा से कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बस चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल बस को भी जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा की छात्रा है। बताया जा रहा है कि छात्रा घर से बिना बताए निकली थी और नोएडा में रहने वाले अपने रिश्तेदार के पास जाने के लिए निकली थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह रास्ता भटक गई और ग्रेटर नोएडा के परी चौक पहुंच गई।

आरोप है कि इसी दौरान एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी। छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया। ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 जाने की बात कहकर बस में बैठा लिया। इसके बाद बस चलने के कुछ समय बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ कथित तौर पर दरिंदगी की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने छात्रा को धमकी भी दी और बाद में देर रात दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में रिंग रोड के पास उतारकर फरार हो गए। घटना के बाद छात्रा ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से संपर्क किया और पूरी जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद कश्मीरी गेट पुलिस ने जांच शुरू की।
47 किलोमीटर तक चली बस
जांच में सामने आया है कि बस ने परी चौक से कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर का सफर तय किया। पुलिस के अनुसार, स्लीपर बस में पर्दे लगे हुए थे, जिसके कारण बाहर से अंदर की गतिविधियां आसानी से दिखाई नहीं देती थीं। पुलिस अब बस की फॉरेंसिक जांच और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी बस ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पीड़िता को मेडिकल जांच व अन्य सहायता उपलब्ध कराई गई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि निजी बसों में सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन, ड्राइवर-कंडक्टर का सत्यापन और निगरानी व्यवस्था मजबूत करना बेहद जरूरी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने राजधानी समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
Tags: