लड़की से शादी करने पर युवक को अगवा कर की मारपीट, अबतक 7 आरोपी गिरफ्तार
राजधानी के राजौरी गार्डन इलाके में परिवार की मर्जी के खिलाफ एक लड़की से शादी करने वाले युवक को अगवा कर मारपीट करने के मामले में पुलिस अबतक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
दिल्ली : राजधानी के राजौरी गार्डन इलाके में परिवार की मर्जी के खिलाफ एक लड़की से शादी करने वाले युवक को अगवा कर मारपीट करने के मामले में पुलिस अबतक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनलोगों ने उसके साथ मारपीट करने के साथ ही युवक के निजी अंग को काट लिया गया था। पुलिस ने इस मामले में दो महिला समेत सात आरेपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच में जुटी पुलिस अब लड़की के फरार परिजनों और उसके एक चाचा की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद से लड़की के परिजन फरार हो गए थे। घटना के बाद दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल लड़की के परिवार वाले एक वैन से मुरादाबाद की तरफ भाग गए हैं तो यूपी पुलिस की मदद से पांच आरेपियों को मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों में लड़की के दो सगे और एक फूफेरा भाई, उसका चाचा और जीजा शामिल हैं। भाईयों ने पूछताछ में बताया कि लड़की के साथ शादी करने वाले युवक को सबक सिखाने के लिए उनलोगों ने उसे अगवा कर उसकी पिटाई की और उसके एक अन्य चाचा ने उसका निजी अंग काट दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक का निजी अंग काटने वाला लड़की का चाचा अभी फरार है।
घटना रघुवीर नगर इलाके की है। 22 वर्षीय युवक का सागरपुर की रहने वाली 20 वर्षीय लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 21 दिसंबर को दोनों ने घर से भागकर जयपुर में शादी कर ली थी। अगले दिन दोनों राजौरी गार्डन थाना पहुंचकर अपने परिवार वालों से सुरक्षा की गुहार लगाई लेकिन थाने से उन्हें वापस भेज दिया गया था। इस बीच लड़की के परिवार वालों को उनकी भनक लग गई। वे युवक को अगवा कर सागरपुर लेकर आए और उसकी पिटाई करने के बाद निजी अंग काटकर जंगल में फेंक दिया था।