नंदग्राम में एक महिला का शव उसके घर से किया गया बरामद, अकेले रहती थी युवती

Update: 2022-09-18 10:41 GMT

एनसीआर क्राइम न्यूज़: गाजियाबाद में आए दिन हत्या और अपराध की खबर सुर्खियों में बनी हुई है। सुबह गाजियाबाद के नंदग्राम में एक महिला का शव उसके घर से बरामद किया गया। इस मामले की वजह से नंदग्राम इलाके में सनसनी फैल गई है। महिला का शव कमरे में जमीन पर खून से लिपटा पड़ा मिला था। सिर में गहरी चोट लगने से अधिक मात्रा में खून बह गया है, जिसकी वजह से महिला की मृत्यु हुई है। सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है।

पड़ोसी ने दी पुलिस को सूचना: पड़ोसी द्वारा सूचित किए जाने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नंदग्राम के एसएचओ रमेश सिंह सिद्धू ने बताया कि महिला का नाम आशा देवी है। मृतक की उम्र 35 वर्ष है और वह अपने घर में अकेली ही रहती थी।

8 महीने से अकेले ही रहती थी मृतक: मिली जानकारी के अनुसार मृतक महिला आशा देवी के पति का नाम ओमप्रकाश बताया जा रहा है। आशा देवी बुलंदशहर की छतरी स्थित सिद्धिगढ़ी गांव की रहने वाली थीं। आशा देवी पिछले 8 महीने से नंदग्राम के आश्रम रोड पर गली नंबर–6 में 3 मंजिला मकान के पहले मंजिल पर अकेले ही रह रही थी। वह इस मकान में किराए पर कमरा लेकर रहती थीं।

खून से लिपटी मिली आशा: बीते 17 सितंबर की सुबह ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले मुकेश ने पहली मंजिल पर रहने वाली आशा को पानी भरने के लिए आवाज लगाया। कई बार नाम पुकारने के बाद भी आशा का कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने कमरे का गेट खोला, तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो आशा खून से लिपटी हुई जमीन पर पड़ी थीं। उन्होंने फौरन पुलिस को इस बात की सूचना दी।

शांत ही रहती थी महिला: पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि आशा किसी से बातचीत नहीं करती थी। वह घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। घटना के संबंध में एसपी प्रथम निपुण अग्रवाल ने बताया कि थाना नंदग्राम क्षेत्र में आज सुबह एक मकान में महिला का शव होने की सूचना प्राप्त हुई थी। स्थानीय पुलिस मौके पर वहां पहुंची। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड द्वारा साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Tags:    

Similar News