गरियाबंद: जिला मुख्यालय गरियाबंद के पुलिस परेड ग्राउंड में आज भारी बारिश के बीच स्वतंत्रता दिवस का 75वां वर्षगांठ गरिमामय माहौल में मनाया गया। छत्तीसगढ़ शासन के संसदीय सचिव श्री विकास उपाध्याय ने मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। मंच पर कलेक्टर श्री प्रभात मलिक एवं पुलिस अधीक्षक श्री जे.आर. ठाकुर उपस्थित थे। तिरंगा फहराने के बाद सभी उपस्थित नागरिकों ने राष्ट्रगान गाया। समारोह के मुख्य अतिथि श्री उपाध्याय ने जनता के नाम मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के संदेश का वाचन किया। मुख्य अतिथि ने खुशहाली के प्रतीक गुब्बारे को आसमान में छोड़ा। इस दौरान लगातार बारिश से भी लोगों के उत्साह में कमी नहीं दिखाई दी। समारोह में परेड कमाण्डर रक्षित निरीक्षक उमेश कुमार राय के निर्देशन में मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने शहीद परिवार के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें साल और श्रीफल देकर सम्मानित किया।