पंचायत एंव ग्रामीण विकास मंत्री रविन्द्र चौबे से प्रदेश सरपंच संघ के पदाधिकारियों ने की मुलाकात
रायपुर: कृषि, जलसंसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री रविन्द्र चौबे से प्रदेश सरपंच संघ छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने आज महानदी मंत्रालय भवन में मुलाकात की। इस मौके पर सरपंच संघ के पदाधिकारियों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं के बारे में मंत्री श्री रविन्द्र चौबे को विस्तार से जानकारी दी। मंत्री श्री चौबे ने सरपंच संघ की मांगों पर चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने सरपंच के मानदेय को दो हजार रूपए से बढ़ाकर चार हजार रूपए कर दिया है। ग्राम पंचायतों वित्तीय अधिकार में भी बढ़ोत्तरी की गई है। ग्राम पंचायतों को अब 50 लाख रूपए तक के कार्य कराने का अधिकार सौंपा गया है। बैठक के दौरान बिलासपुर जिले के जनपद पंचायत तखतपुर की ग्राम पंचायत जरौधा के सरंपच श्री ईश्वर साहू एवं अन्य पदाधिकारियों ने ग्राम पंचायत के सचिव द्वारा कार्य में लापरवाही एवं ड्यूटी से गैर हाजिर रहने की शिकायत की। मंत्री श्री चौबे ने मनरेगा आयुक्त श्री मोहम्मद कैसर अब्दुल हक को ग्राम पंचायत जरौधा के सचिव श्री मनमोहन टंडन को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने के निर्देश दिए।