अधिकारियों को दूरस्थ क्षेत्रों का भ्रमण करने कलेक्टर ने दिये निर्देश

Update: 2022-08-17 04:23 GMT

उत्तर बस्तर कांकेर: जिले के दूरस्थ क्षेत्रों का भ्रमण कर शासन द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेने तथा लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए आवश्यक पहल करने कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने जिले के सभी कार्यालय प्रमुख अधिकारियों को निर्देशित किया है। लोक निर्माण विभाग, स्वाथ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आदिवासी विकास, खाद्य विभाग सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों और सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं जनपद सीईओ को अपने क्षेत्रों का लगातार भ्रमण करने के निर्देश दिये गये हैं। बाढ़ प्रभावित एवं दुर्गम क्षेत्रों के गांवों का दौरा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रमुख अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि इस सप्ताह कोयलीबेड़ा व पखांजूर क्षेत्र का भ्रमण किया जाये तथा जो कार्य किये जा सकते हैं उसकी जानकारी उपलब्ध कराया जावे। गांव के क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों को चिन्हांकित कर वहां निवास करने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों में शिफ्ट करने तथा फसल क्षति का आंकलन कर आरबीसी 6-4 के तहत् 15 दिवस के भीतर सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए एसडीएम, तहसीलदार को निर्देशित किया गया है। क्षतिग्रस्त स्कूल एवं आश्रम-छात्रावास, आंगनबाड़ी केन्द्र भवनों को चिन्हांकित कर इन भवनों से अन्य सुरक्षित भवनों में बच्चांं को शिफ्ट करने के निर्देश दिये गये हैं, साथ ही ग्राम पंचायतों में निर्धारित मात्रा में चावल की उपलब्धता रखने के निर्देश भी उनके द्वारा दिये गये हैं। बीईओ, बीआरसी, मण्डल संयोजक को लगातार फील्ड भ्रमण करने तथा विद्युत की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए सतर्कता बरतने हेतु स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

जिले के प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों का स्थाई जाति प्रमाण-पत्र बनाने के कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने इस वर्ष कक्षा पहली में भर्ती बच्चों का भी जाति प्रमाण-पत्र बनाने के लिए निर्देशित किया है। जिले के प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा पहली में लगभग 07 हजार बच्चों ने दाखिला लिया है, जिनका जाति प्रमाण पत्र बनाया जायेगा। इसके अलावा पूर्व में छूटे हुए विद्यार्थियों के भी जाति प्रमाण पत्र बनाये जायेंगे। जाति प्रमाण-पत्र बनाने के लिए समय सारणी बनाकर 02 अक्टूबर तक सभी बच्चों के जाति प्रमाण-पत्र बनाकर उन्हें प्रदान करने के निर्देश तहसीलदार एवं बीईओ को दिये गये हैं। कक्षा पहली से 12वीं तक अध्ययनरत अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग का कोई भी विद्यार्थी जाति प्रमाण पत्र से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है। बैठक में अपर कलेक्टर एस.पी. वैद्य, जिला पंचायत के सीईओ सुमीत अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार सहित नगरीय निकाय के अधिकारी मौजूद थे।
गर्भवती माताओं की जांच व बच्चों के टीकाकरण हेतु विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन 18 से 24 अगस्त तक
जिले के शत-प्रतिशत गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य जांच तथा बच्चों के टीकाकरण हेतु 18 से 24 अगस्त तक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करने के लिए कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया है। मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य सहायता योजनांतर्गत शहरी क्षेत्र में निवासरत गर्भवती माताओं का स्वास्थ्य जांच कराने तथा बच्चों का टीकाकरण के लिए नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

Tags:    

Similar News