अनोखी नौकरी: break up कराने के लिए मिलेगी मोटी सैलरी

Update: 2026-06-28 09:30 GMT

Business: रिश्तों को शुरू करना जितना आसान लगता है, उन्हें सही तरीके से खत्म करना उतना ही मुश्किल माना जाता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए एक ऑनलाइन डेटिंग प्लेटफॉर्म Dating.com ने एक अनोखी नौकरी की घोषणा की है। कंपनी अपने पहले ‘Chief Breakup Officer (CBO)’ की तलाश कर रही है, जिसे पार्ट-टाइम आधार पर नियुक्त किया जाएगा। इस पद के लिए करीब 3,000 डॉलर यानी लगभग 2.8 लाख रुपये प्रति माह तक की सैलरी दी जाएगी।

कंपनी का कहना है कि इस भूमिका का उद्देश्य लोगों को सम्मान और संवेदनशीलता के साथ रिश्ते खत्म करने में मदद करना है, ताकि किसी को अनावश्यक भावनात्मक चोट न पहुंचे। इस नौकरी में चयनित व्यक्ति का काम केवल ब्रेकअप कराना नहीं होगा, बल्कि हर रिश्ते की स्थिति को समझकर सही तरीके से बातचीत करना भी शामिल होगा। CBO को जरूरत पड़ने पर किसी व्यक्ति की ओर से ब्रेकअप कॉल करनी होगी और बातचीत के दौरान सही शब्द, सही टोन और सही तरीका अपनाना होगा। साथ ही उसे यह भी आकलन करना होगा कि मामला सरल है, जटिल है या भावनात्मक रूप से कठिन स्थिति में है।

कंपनी ने इस पद के लिए कुछ खास योग्यताएं भी तय की हैं। उम्मीदवार को रिश्तों की समझ होनी चाहिए और कठिन भावनात्मक परिस्थितियों में भी शांत रहना आना चाहिए। कम से कम तीन ब्रेकअप का अनुभव होना आवश्यक बताया गया है। साथ ही यह भी अपेक्षा की गई है कि लोग उनसे रिश्तों से जुड़ी सलाह लेते हों और वे “Relationship”, “Situationship” और “It’s Complicated” जैसी स्थितियों को समझने में सक्षम हों।

चयन प्रक्रिया के तहत आवेदकों को अपने सबसे अच्छे ब्रेकअप अनुभव को लिखकर भेजना होगा। इसमें उन्हें बताना होगा कि रिश्ता कैसे खत्म हुआ, उन्होंने स्थिति को कैसे संभाला और क्यों उन्हें लगता है कि उन्होंने उस स्थिति को बेहतर तरीके से हैंडल किया। इसके साथ एक मोटिवेशन लेटर भी देना होगा, जिसमें यह बताया जाएगा कि वे इस भूमिका के लिए क्यों उपयुक्त हैं। यह अनोखी वैकेंसी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है और लोग इसे दुनिया की सबसे अजीब लेकिन रोचक नौकरियों में से एक मान रहे हैं।

Tags:    

Similar News