नई दिल्ली, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में देश की दिग्गज आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का एकीकृत शुद्ध लाभ (कॉन्सॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट) 28.5 फीसद के उछाल 9,008 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर सर्विस कंपनी को 7,008 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ हुआ था। कंपनी की परिचालन से आय भी 18.5 फीसद की बढ़त के साथ 45,411 करोड़ रुपये वित्त वर्ष 2020-21 की पहली तिमाही में कंपनी को परिचालन से 38,322 करोड़ रुपये की आय हुई थी।

पांच लाख पार कर गई है TCS के वर्कफोर्स की तादाद
इसके साथ ही कंपनी के वर्कफोर्स की तादाद भी पांच लाख को पार कर गई। कंपनी के कुल वर्कफोर्स की संख्या 5,09,058 तक पहुंच गई है। आलोच्य तिमाही में कंपनी से रिकॉर्ड 20,409 कर्मचारी जुड़े हैं।
TCS के चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर और मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश गोपीनाथन ने कहा कि कंपनी के कर्मचारियों ने एक-दूसरे की मदद के जरिए शानदार व्यवहार का परिचय दिया है। इतना ही नहीं समाज के लिए सार्थक कार्य किए हैं और क्लाइंट्स को पूरे समर्पण के साथ सर्विस उपलब्ध कराया है। उन्होंने एक बयान में कहा, "इस पृष्ठभूमि में हमारा नॉर्थ अमेरिका बिजनेस, BFSI और रिटेल सभी ने काफी अच्छा ग्रोथ दिखाया है। इससे हमारे काम करने के तरीके में लचीलता, हमारे सर्विसेज की प्रासंगिकता और सबसे ऊपर हमारे एसोसिएट्स के जुनून और समर्पण का पता चलता है। " उन्होंने कहा कि वायरस के वेरिएंट्स और संभावित तीसरी लहर को देखते हुए कंपनी आने वाले समय की परिस्थितियों पर नजर बनाए हुए है और कोर मार्केट्स और वर्टिकल्स के मौकों को लेकर आशान्वित है।
TCS के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर समीर सेकसरिया ने कहा, ''हमने इस तिमाही में आय के छह बिलियन डॉलर के आंकड़े को पार कर लिया है। वार्षिक तौर पर वेतन में वृद्धि और प्रोन्नति के साथ हमने प्राइवेट सेक्टर में सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान चलाया है।''
Tags: