Tap to Pay से आसान होगी पेमेंट, जानें लिमिट और नियम

Update: 2026-07-21 09:34 GMT

नई दिल्ली। देश में डिजिटल पेमेंट को और आसान और तेज बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) जल्द ही UPI के लिए नया ‘Tap to Pay’ ऑफलाइन फीचर लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। इस सुविधा के आने के बाद यूजर्स बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी अपने स्मार्टफोन को POS मशीन पर टैप कर भुगतान कर सकेंगे।

इस नए फीचर का सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को मिलेगा, जहां इंटरनेट नेटवर्क कमजोर रहता है। इसके अलावा फ्लाइट, अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन या ऐसे स्थान जहां इंटरनेट उपलब्ध नहीं होता, वहां भी लोग आसानी से छोटे भुगतान कर पाएंगे। यह सुविधा डिजिटल पेमेंट को और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

NPCI की ओर से तैयार किए जा रहे इस फीचर में NFC यानी Near Field Communication तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके तहत यूजर को न तो QR कोड स्कैन करने की जरूरत होगी और न ही हर बार इंटरनेट कनेक्शन की आवश्यकता पड़ेगी। अगर स्मार्टफोन में NFC सपोर्ट मौजूद है और उसमें UPI Lite बैलेंस उपलब्ध है तो केवल फोन को प्रमाणित POS मशीन के पास टैप करके पेमेंट किया जा सकेगा।

इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए यूजर को पहले अपने UPI Lite वॉलेट में पैसे लोड करने होंगे। यह प्रक्रिया इंटरनेट कनेक्शन के साथ पूरी करनी होगी। इसके बाद जब भी यूजर किसी दुकान या स्टोर पर भुगतान करेगा तो उसे सिर्फ NFC सपोर्ट वाले स्मार्टफोन को POS मशीन पर टैप करना होगा। इसके बाद पेमेंट की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

नई व्यवस्था में खास बात यह होगी कि छोटे भुगतान के लिए यूजर को UPI पिन डालने की जरूरत नहीं होगी। फोन और POS मशीन के बीच संपर्क के जरिए पेमेंट की जानकारी सुरक्षित तरीके से दर्ज हो जाएगी। जब फोन या मशीन दोबारा इंटरनेट से कनेक्ट होगी तो ट्रांजेक्शन की जानकारी बैंकिंग सिस्टम तक पहुंच जाएगी और भुगतान प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस ऑफलाइन UPI पेमेंट की लिमिट तय की गई है। नए ‘Tap to Pay’ फीचर में अधिकतम 2000 रुपये तक का भुगतान किया जा सकेगा। वर्तमान में ऑफलाइन डिजिटल पेमेंट की सीमा 500 रुपये तक है, जिसे बढ़ाकर 2000 रुपये करने की तैयारी की जा रही है। इससे छोटे दुकानदारों और आम ग्राहकों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

यह सुविधा खासतौर पर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है, जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या बनी रहती है। खराब नेटवर्क के कारण कई बार ऑनलाइन पेमेंट अटक जाते हैं, जिससे ग्राहकों और दुकानदारों दोनों को परेशानी होती है। ऑफलाइन UPI की मदद से ऐसी समस्याओं को कम किया जा सकेगा।

इसके अलावा हवाई यात्रा के दौरान भी यह फीचर काफी मददगार हो सकता है। कई बार फ्लाइट में इंटरनेट उपलब्ध नहीं होता, जिससे ऑनलाइन पेमेंट करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में छोटे खर्चों के लिए ऑफलाइन UPI एक आसान विकल्प बन सकता है।

NPCI लगातार UPI सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए नए फीचर्स पर काम कर रहा है। भारत में UPI पहले ही डिजिटल भुगतान का सबसे बड़ा माध्यम बन चुका है। अब ऑफलाइन पेमेंट सुविधा जुड़ने से इसकी पहुंच और बढ़ने की उम्मीद है।

विशेषज्ञों का मानना है कि ‘Tap to Pay’ फीचर आने के बाद डिजिटल पेमेंट का अनुभव और आसान हो जाएगा। खासकर छोटे लेनदेन करने वाले ग्राहकों के लिए यह सुविधा समय बचाने वाली साबित होगी। हालांकि, फीचर की आधिकारिक लॉन्चिंग और अंतिम नियम NPCI की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होंगे।

Tags:    

Similar News